गुवाहाटी, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर नोखा नागरिक परिषद, गुवाहाटी के तत्वावधान में रविवार को परशुराम सेवा सदन, छत्रीबाड़ी, गुवाहाटी में एक विशेष योग शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्यवर्धक आयोजन में परिषद के लगभग 35 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग शिविर में योग प्रशिक्षक शंकर बील एवं श्रीमती अनीता अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। प्रशिक्षकों ने उपस्थित सदस्यों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर परिषद की ओर से दोनों योग प्रशिक्षकों को मोमेंटो एवं फुलाम गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया तथा इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में परिषद के अध्यक्ष जीवराज पींचा, मंत्री कन्हैयालाल पींचा, कोषाध्यक्ष जीतेन्द्र फलोदिया, कार्यक्रम संयोजक दिलीप छाजेड़, सह संयोजक धर्मेश बैद तथा नोखा नागरिक महिला संगठन की अध्यक्ष मनीषा पींचा, कोषाध्यक्ष प्रीति बैद एवं सह संयोजक तमन्ना भूरा सहित परिषद के सभी सदस्यों एवं महिला शक्ति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर परिषद अध्यक्ष जीवराज पींचा ने योग प्रशिक्षकों एवं शिविर में सहभागी सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं समाजोपयोगी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प दोहराया।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें