गुवाहाटी, आठगांव स्थित मारवाड़ी हॉस्पिटल्स के लिए गर्व का विषय है कि अस्पताल की दो परिचारिकाओं (नर्सों) हाना ताली और काल्कामे टी. संगमा का चयन प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के लाभार्थियों के रूप में किया गया है। यह चयन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय द्वारा किया गया है। योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किश्तों में उनके आधार से जुड़े बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रदान की जाएगी।
इस योजना के लाभों को रेखांकित करने तथा प्रोत्साहन राशि जारी करने के लिए आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और चयनित लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे।
हाना ताली और काल्कामे टी. संगमा का चयन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के गुवाहाटी क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकार क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों में से किया गया है। दोनों को कार्यक्रम तथा उससे संबंधित गतिविधियों में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
मारवाड़ी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष शरत् जैन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्थान के रोजगार सृजन, कर्मचारी कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति योगदान को दर्शाता है। मारवाड़ी हॉस्पिटल्स परिवार की ओर से उन्होंने दोनों चयनित परिचारिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कर्मचारियों के हित में संचालित इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का आभार व्यक्त किया है।
श्री जैन ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल दोनों कर्मचारियों के लिए सम्मान की बात है, बल्कि मारवाड़ी अस्पताल के लिए भी गौरव का विषय है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें