पूजा माहेश्वरी
सही एवं सटीक आंकड़ों के संकलन पर सर्वाधिक जोर देने का उपायुक्त का आह्वान
नगांव, आगामी जनगणना-2027 से जुड़े कर्मचारियों के प्रथम चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। आवास सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से फील्ड प्रशिक्षकों के लिए आयोजित दूसरे जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का भी आज समापन हुआ। नगांव जिला परिषद के कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो समूहों में विभाजित कर संपन्न कराया गया। पहले समूह का प्रशिक्षण 23 जून से प्रारंभ होकर 25 जून को समाप्त हुआ था, जबकि दूसरे समूह का प्रशिक्षण 29 जून से शुरू होकर बुधवार को संपन्न हुआ।
जनगणना-2027 के अंतर्गत आंकड़ा संग्रहण की प्रक्रिया को अधिक सटीक, त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से फील्ड प्रशिक्षकों को आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान करने के लिए इस विशेष प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
दूसरे समूह के समापन समारोह में जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशिक्षुओं के साथ महत्वपूर्ण संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परिवारों की आवास गणना एवं गृह सूचीकरण के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना जैसी व्यापक प्रक्रिया योजनाबद्ध आर्थिक व्यवस्था की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त सही और विश्वसनीय आंकड़े ही विकास योजनाओं एवं सरकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार बनते हैं। इसलिए उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से जनगणना के दौरान पूरी ईमानदारी, सावधानी और सटीकता के साथ जानकारी एकत्रित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगांव जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिकारिया तथा सहायक आयुक्त अंजलि कुमारी भी उपस्थित थीं।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें