पूजा माहेश्वरी
नगांव, केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर नगांव जिले में भी 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को सहकारिता विभाग तथा कलियाबर सह-जिले की विभिन्न सहकारी समितियों के सहयोग से द्वारबागरी सहकारी समिति की जखलाबंधा के बाघजान स्थित शाखा कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सहकारिता क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष "कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी दिवस" विषय पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य के राजस्व, आपदा प्रबंधन आदि विभागों के मंत्री केशव महंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मंत्री ने सहकारिता क्षेत्र के विकास में आधुनिक तकनीक तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में सहकारी समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने कहा कि जिले की सहकारी समितियों को आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी से सुसज्जित करने तथा जमीनी स्तर पर पारदर्शिता और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल प्रणाली का व्यापक उपयोग अनिवार्य है। इस अवसर पर कृषि कार्यों में ड्रोन प्रौद्योगिकी के उपयोग का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में कलियाबोर सह-जिले के आयुक्त राज बरुआ, जिला कृषि अधिकारी निखिल नारायण बरुआ, नगांव जिला सहकारी समितियों के सहायक पंजीयक प्रवीण बोरा, उप-पंजीयक मरमी भकत सहित विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें