पूजा माहेश्वरी
नगांव। हाल ही में आई भीषण बाढ़ से व्यापक रूप से प्रभावित शिवसागर जिले के बाढ़ पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए नगांव जिला प्रशासन भी बड़े पैमाने पर राहत अभियान चला रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के आह्वान पर असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कोष से शिवसागर जिले के लिए तत्काल 50 हजार खाद्य सामग्री के पैकेट राहत स्वरूप भेजने की व्यवस्था की गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप अब तक 10,000 से अधिक आवश्यक खाद्य सामग्री के पैकेट शिवसागर भेजे जा चुके हैं। प्रत्येक पैकेट में 8 किलोग्राम चावल, 2 किलोग्राम दाल, 1 लीटर सरसों का तेल और आधा किलोग्राम नमक शामिल है।
जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने बताया कि 10,000 से 12,000 अतिरिक्त पैकेट भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही आने वाले समय में 16,000 और पैकेट तथा बाद के चरण में कुल 50,000 से अधिक राहत पैकेट भेजने का लक्ष्य तय किया गया है। जिला आयुक्त स्वयं इस व्यापक तैयारी की निगरानी कर रहे हैं।
सोमवार को दोपहर में पलाशनी स्थित गोदाम का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने शाम को नगांव पुलिस छावनी के सामूहिक प्रेक्षागृह में चल रहे पैकेट तैयार करने के कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला आयुक्त मृदुल बड़ो, अतिरिक्त जिला आयुक्त तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपांकर बर्मन, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा और जिला परियोजना अधिकारी बिजयंत गोस्वामी भी उपस्थित थे।
जिला आयुक्त ने कहा कि बाढ़ पीड़ित लोगों के साथ हमेशा खड़े रहने के संकल्प के साथ राहत प्रक्रिया को और तेज करने के लिए अतिरिक्त राहत सामग्री भी तैयार की जा रही है, जिसे बहुत जल्द शिवसागर भेजा जाएगा। जिले के तीन स्थानों पर दिन-रात शिवसागर के लिए राहत सामग्री के पैकेट तैयार करने और भेजने का कार्य पूरी गति से जारी है।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें