गुवाहाटी, ध्यान फाउंडेशन गौशाला, ददरा हाजो रोड में रविवार को नवनिर्मित 5,000 वर्ग फुट के विशाल चारा भंडार (फोडर स्टोर) का लोकार्पण एक गरिमामय समारोह में किया गया। इस चारा भंडार का निर्माण समाजसेवी रमेश चौधरी द्वारा कराया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन उनके करकमलों से संपन्न हुआ।
समारोह में सिग्नेचर एस्टेट अपार्टमेंट, उलूबाड़ी के बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, ध्यान फाउंडेशन के स्वयंसेवक तथा गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के सचिव अजय पोद्दार, स्वयंसेविका गायत्री कपूर, कोर कमेटी सदस्य सुरेश अग्रवाल, रंजना भजनका, किशन हलालका सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं गौसेवक शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर एवं शिलापट्ट के अनावरण के साथ हुआ। इसके बाद नवनिर्मित चारा भंडार को औपचारिक रूप से ध्यान फाउंडेशन गौशाला को समर्पित किया गया।
ध्यान फाउंडेशन की ओर से श्री रमेश चौधरी को गौसेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पारंपरिक असमिया गामोचा, जापी तथा गौमाता स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, सिग्नेचर एस्टेट अपार्टमेंट से आए सभी वरिष्ठ नागरिकों का भी गामोचा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में अजय पोद्दार ने कहा कि रमेश चौधरी लंबे समय से गौशाला के नियमित सहयोगी एवं दानदाता रहे हैं। उन्होंने अल्प समय में 5,000 वर्ग फुट का विशाल चारा भंडार बनवाने के साथ-साथ गौवंश के लिए बड़ी मात्रा में भूसे की व्यवस्था भी कराई है। उन्होंने यह भी बताया कि श्री चौधरी अपने अनेक वरिष्ठ नागरिक मित्रों को गौशाला लेकर आए ताकि वे भी गौसेवा के इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें।
कार्यक्रम से प्रेरित होकर उपस्थित कई वरिष्ठ नागरिकों ने गौवंश के लिए चारे की व्यवस्था हेतु आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की। इस अवसर पर लगभग ₹3 लाख की सहायता राशि का आश्वासन प्राप्त हुआ। सहयोग का आश्वासन देने वालों में रामावतार भरतिया, संजीव गोयल, रतन गोयनका, प्रभु दयाल देवड़ा, जयदेव गोयल, पवन केडिया, दीनदयाल गोयल, शांतीलाल खट्टर, राजकुमार हरलालका, बहादुर सिंह सोमानी, मोहन चांडक, प्रवीण सोमैया, राजेश धनावत एवं नवीन टेकरीवाल प्रमुख रहे।
कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों ने गौशाला का भ्रमण किया, गौमाता को अपने हाथों से चारा एवं गुड़ खिलाया तथा ध्यान फाउंडेशन द्वारा गौवंश की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
समारोह का समापन अजय पोद्दार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने रमेश चौधरी, सिग्नेचर एस्टेट अपार्टमेंट से पधारे सभी वरिष्ठ नागरिकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गौसेवा के इस पवित्र अभियान में निरंतर सहयोग की अपील की।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें