लखीमपुर में सोनम वांगचुक के आंदोलन को वीर लाचित सेना का समर्थन, विरोध प्रदर्शन के दौरान तीन लोग हिरासत में - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लखीमपुर में सोनम वांगचुक के आंदोलन को वीर लाचित सेना का समर्थन, विरोध प्रदर्शन के दौरान तीन लोग हिरासत में



लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की संयुक्त रिपोर्ट


लखीमपुर, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में रविवार को लखीमपुर में विरोध प्रदर्शनों का दौर देखने को मिला। वीर लाचित सेना असम की लखीमपुर जिला समिति तथा उत्तर लखीमपुर क्षेत्रीय समिति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और उनका पुतला दहन किया। वहीं, शहर के खेलमाटी क्षेत्र में आयोजित एक अन्य शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने एक युवती सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। वीर लाचित सेना के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।प्रदर्शनकारी जिला आयुक्त कार्यालय के समक्ष एकत्र हुए और केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर वीर लाचित सेना असम के जिला सचिव मनोज कलिता ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मामलों और कथित घोटालों को किसी भी जिम्मेदार सरकार द्वारा सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए सरकार को जवाबदेह बनना होगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।प्रदर्शन में उपस्थित संगठन के केंद्रीय सूचना एवं प्रचार सचिव प्राणजीत गोगोई ने भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की।उन्होंने कहा कि युवाओं का विश्वास बनाए रखने के लिए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यक्रम में वीर लाचित सेना की विभिन्न क्षेत्रीय समितियों के प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इसी बीच, लखीमपुर शहर के खेलमाटी क्षेत्र में जूबिन गर्ग की प्रतिमा के नीचे सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में एक युवती धरना दे रही थी। जानकारी के अनुसार, उसके साथ उसके परिवार के कुछ सदस्य भी प्रदर्शन में शामिल थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बाद में युवती सहित कुल तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों के विरुद्ध किस आधार पर कार्रवाई की गई अथवा उन्हें बाद में रिहा किया गया या नहीं, इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। रविवार को हुए इन घटनाक्रमों के बाद लखीमपुर में सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। विभिन्न संगठनों द्वारा शिक्षा व्यवस्था और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें