पूजा माहेश्वरी
जिला आयुक्त ने राहत एवं बचाव अभियान का लिया जायजा, नियंत्रण कक्ष भी स्थापित
नगांव, पिछले कुछ दिनों से कार्बी पहाड़ियों में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी दिजू का जलस्तर बढ़ने से कलियाबर उपमंडल एवं कलियाबर राजस्व चक्र के अंतर्गत कालापानी, डिजू वैली चाय बागान तथा लेंगटेंग चाय बागान सहित कई क्षेत्र बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इस बाढ़ से लगभग 732 लोग प्रभावितहुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने सोमवार देर रात स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी करने के साथ-साथ बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता तथा आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की।
जिला आयुक्त के साथ कलियाबर उपमंडल के आयुक्त राज बरुआ* कलियाबर राजस्व चक्र के सर्किल अधिकारी तथा जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
जिला आयुक्त के निर्देश पर स्थिति से निपटने के लिए कालीआबर एवं नगांव जिले की राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की संयुक्त टीम ने व्यापक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अभियान के दौरान सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालकर प्रशासन द्वारा निर्धारित राहत शिविरों में पहुंचाया गया। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कालीआबर राजस्व चक्र द्वारा शालना बापूजी प्राथमिक विद्यालय, 23 नंबर डिजू वैली प्राथमिक विद्यालय तथा आमगुङी प्राथमिक विद्यालय में कुल तीन राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में रह रहे सभी लोगों को जिला प्रशासन की ओर से भोजन, आवश्यक राहत सामग्री तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह जानकारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकाश शर्मा ने दी। इस बीच, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया है तथा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। सहायता के लिए लोग 1077 (टोल फ्री), 03672-238000, 03672-236827 तथा 3672-230177 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, बाढ़ अथवा अन्य प्राकृतिक आपदा से संबंधित सूचना व्हाट्सएप नंबर 8720963477 पर भी भेजी जा सकती है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें