बरपेटा रोड, समाज सेवा एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए जेसीआई बरपेटा रोड ने अपने "सुजल – शुद्ध जल, स्वस्थ जल" सस्टेनेबल प्रोजेक्ट के अंतर्गत अपने गोद लिए विद्यालय मधुलीझार दक्षिण मछुआगांव एल.पी. स्कूल, होतापारा में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के लिए आर.ओ.-यू.वी. वाटर फिल्टर एवं स्टोरेज टैंक स्थापित किया। इस जनहितकारी परियोजना का प्रायोजन बरपेटा रोड के समाजसेवी बिनोद कुमार सराफ द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में जेसीआई बरपेटा रोड ने इस विद्यालय को गोद लिया था। तब से संस्था विद्यालय के विकास हेतु निरंतर कार्य कर रही है। जेसीआई बरपेटा रोड एवं विष्टि समाजसेवी श्रीधर शर्मा के सहयोग से विद्यालय में दो नए कक्षों का निर्माण कराया गया था। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों एवं विद्यालय को समय-समय पर सीलिंग फैन, मध्याह्न भोजन हेतु स्टील की प्लेट एवं गिलास, जूते-मोजे, स्टेशनरी सहित अनेक उपयोगी सामग्री प्रदान की गई। गत सप्ताह प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्टील की पानी की बोतलों का वितरण भी किया गया।
इसी क्रम में अब विद्यालय में आधुनिक आर.ओ.-यू.वी. वाटर फिल्टर एवं स्टोरेज टैंक स्थापित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
इस परियोजना का उद्घाटन मुख्य दानदाता बिनोद कुमार सराफ एवं उनके परिवार की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीधर जी शर्मा, पवन खेमका, जेसीआई बरपेटा रोड के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य दानदाता एवं अतिथियों का फूलाम गामोछा भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जेसीआई बरपेटा रोड की अध्यक्ष जेसी आयुषी केड़िया के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की "सुजल" परियोजना की जानकारी दी तथा इस महत्वपूर्ण सेवा कार्य के लिए बिनोद कुमार सराफ के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। नवस्थापित वाटर फिल्टर को देखकर विद्यालय के बच्चों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
अंत में जेसीआई बरपेटा रोड की सचिव जेसी आशा सराफ ने मुख्य दानदाता, सभी अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं जेसीआई के समस्त सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें