रविवार को एसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए नगांव प्रशासन की व्यापक तैयारी - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

रविवार को एसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए नगांव प्रशासन की व्यापक तैयारी

 


कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगांव के तीन परीक्षा केंद्रों पर 1,876 अभ्यर्थी होंगे शामिल


पूजा माहेश्वरी

नगांव, आगामी रविवार को आयोजित होने वाली असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) की संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा को लेकर नगांव जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं । राज्य की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा में नगांव जिले के कुल 1,876 अभ्यर्थी भाग लेंगे । यह परीक्षा असम सिविल सेवा (ACS) सहित विभिन्न संबद्ध सेवाओं के लिए नगांव शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी । नगांव विश्वविद्यालय में 570, नगांव गर्ल्स कॉलेज में 720 तथा आनंदराम ढेकियाल फूकन कॉलेज में 586 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है । परीक्षा राज्य के अन्य हिस्सों की तरह नगांव जिला मुख्यालय में भी दो क्रम में आयोजित होगी। पहला क्रम सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरा क्रम दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक का होगा।

परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, नियमों के पालन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराने के लिए जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। इस संबंध में जिला आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास, अतिरिक्त आयुक्त गोपाल शर्मा, संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक डॉ. पंचम कुमार बोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोजी तालुकदार, कोषागार अधिकारी अलोक तामुली, विद्यालय निरीक्षक मृदुल कुमार नाथ, प्रधान डाकघर के अधीक्षक, दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया और परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

जिला आयुक्त ने परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों एवं परीक्षा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है । इसके लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया गया है।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि ई-प्रवेश पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र और कलम साथ लाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की घड़ी, पेंसिल बॉक्स, क्लिप बोर्ड, पुस्तक, कागज, मोबाइल फोन, खाद्य सामग्री, बैग आदि परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा । सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है तथा संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य अथवा रजिस्ट्रार को केंद्राध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

परीक्षा के मद्देनजर रविवार होने के बावजूद भारतीय डाक विभाग का जिला प्रधान डाकघर खुला रहेगा, ताकि परीक्षार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें