लखीमपुर लायंस क्लब का यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लखीमपुर लायंस क्लब का यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

 


लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट


लखीमपुर, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय लायंस क्लब इंटरनेशनल, लखीमपुर शाखा ने शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जेल रोड (एवरेडी पेट्रोल पंप के समीप) स्थित ट्रैफिक पुलिस पॉइंट का पुनर्निर्माण कर उसे स्थानीय ट्रैफिक पुलिस विभाग को विधिवत सौंप दिया। इसके साथ ही क्लब की ओर से यातायात नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पाँच 'नो-एंट्री/नो-पार्किंग' संकेतक बोर्ड भी ट्रैफिक पुलिस को प्रदान किए गए। गौरतलब है कि उक्त ट्रैफिक पुलिस पॉइंट का निर्माण कई वर्ष पूर्व भी लायंस क्लब लखीमपुर द्वारा ही कराया गया था। किंतु इस वर्ष मई माह में देर रात एक अनियंत्रित ट्रक की जोरदार टक्कर से यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को व्यस्त जेल रोड चौराहे पर यातायात नियंत्रण में अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।शहरवासियों और पुलिस विभाग की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए लायंस क्लब लखीमपुर के नव-निर्वाचित अध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ला ने अपने कार्यकाल के प्रारंभ में ही इसे प्राथमिकता देते हुए ट्रैफिक पुलिस पॉइंट के पुनर्निर्माण का निर्णय लिया। क्लब के सहयोग से अल्प समय में इसका निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया, जिससे अब ट्रैफिक पुलिस को यातायात संचालन में काफी सुविधा मिलेगी। नवनिर्मित ट्रैफिक पुलिस पॉइंट का औपचारिक उद्घाटन लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322D की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता, लखीमपुर सदर थाना के प्रभारी निरीक्षक (ओसी) तुलुमोनी दुवारा तथा लखीमपुर ट्रैफिक प्रभारी (आईसी) विजित गुहाई ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर लायंस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य तथा पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. नीना दत्ता ने कहा कि लायंस क्लब का मूल उद्देश्य मानव सेवा और समाज हित के कार्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि संस्था हमेशा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देती रही है और भविष्य में भी यदि लखीमपुर पुलिस विभाग को किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, तो लायंस क्लब हर संभव सहायता के लिए सदैव तैयार रहेगा। वहीं, लखीमपुर सदर थाना के प्रभारी निरीक्षक तुलुमोनी दुवारा ने लायंस क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विश्व की सबसे बड़ी स्वयंसेवी संस्था लायंस क्लब समय-समय पर समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट निर्वहन करती रही है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस पॉइंट के पुनर्निर्माण और 'नो-एंट्री/नो-पार्किंग' संकेतक बोर्ड उपलब्ध कराने से शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में पुलिस विभाग को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक प्रभारी विजित गुहाई ने भी लायंस क्लब की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के सामाजिक सहयोग से पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। कार्यक्रम के अंत में लखीमपुर पुलिस विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस की ओर से लायंस क्लब इंटरनेशनल, लखीमपुर शाखा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति इस जनहितैषी कार्य के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि लायंस क्लब लखीमपुर शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, नेत्र चिकित्सा, आपदा राहत तथा विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से लंबे समय से समाज की सेवा करता आ रहा है। ट्रैफिक पुलिस पॉइंट का पुनर्निर्माण भी उसी सेवा भावना का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है, जिससे न केवल पुलिस विभाग को सुविधा मिलेगी, बल्कि शहर के हजारों नागरिकों को भी सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था का लाभ प्राप्त होगा। इस उदघाट्न समारोह में लायन मानिक लाल दमानी (जोन चेयरपर्सन, जोन चार), लायन राक्तिम गोगोई (रीजन चेयरपर्सन), लायन संजीव चटर्जी (सचिव, लायंस क्लब डिब्रूगढ़ शाखा), पूर्व अध्यक्ष लायन आनंद अग्रवाल के अलावा डॉ ए रहमान, डॉ मून रुद्रापाल, देवानंद शर्मा, सुभाष यादव, गिरधर अग्रवाल, गोपाल चौधरी, लखीमपुर प्रेरणा शाखा से उपाध्यक्ष रंजू बकलीवाल,सचिव उर्मिला दिनोदिया एवं कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। इसकी जानकारी लायंस क्लब इंटरनेशनल, लखीमपुर शाखा के सचिव मनोज कुमार भारद्वाज ने दी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें