बरपेटा परिवार के तत्वावधान में पांचवीं बार हुआ भव्य धार्मिक आयोजन
गुवाहाटी, मालीगांव स्थित गौरी शंकर मंदिर में बरपेटा परिवार के तत्वावधान में पांचवीं बार 21 पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं महा रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं भागवत प्रवक्ता पं. नंदू महाराज जाजड़ा के पावन सानिध्य में 25 विद्वान आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की।
श्रद्धालुओं ने विधिवत संकल्प लेकर 21 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन, अभिषेक एवं आराधना की। वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति-संगीत और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा। महिलाओं, पुरुषों एवं विभिन्न आयु वर्ग के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
पार्थिव शिवलिंग का निर्माण पृथ्वी तत्व से किया जाता है और इसकी पूजा श्रद्धा, संकल्प एवं समर्पण के भाव से की जाती है। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, पंचामृत, बिल्वपत्र एवं पुष्प आदि से शिवलिंगों का अभिषेक कर आध्यात्मिक शांति, कल्याण एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
बरपेटा परिवार की ओर से लगातार पांचवीं बार आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाना, आध्यात्मिक चेतना एवं संस्कारों को प्रोत्साहित करना तथा समाज को सामूहिक शिव आराधना से जोड़ना है।
इस अवसर पर पं. नंदू महाराज जाजड़ा ने कहा कि भगवान शिव की आराधना श्रद्धा, संयम, सेवा एवं सद्भाव की प्रेरणा देती है। सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान समाज को एकता, संस्कार और आध्यात्मिक ऊर्जा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष कैलाश सारडा, सचिव बलराम चौधरी, संयोजक बिनोद गोयल, सभी यजमानों, आचार्यों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें