थियेटर रुद्र के मंच पर पहली बार प्रस्तुति को लेकर क्षेत्र में उत्साह
सोयल खेतान, रोहा। रोहा निवासी शिक्षक एवं नाट्यकार चंदन ज्योति भुंया द्वारा रचित असमिया नाटक ‘एजाक बरखुनर अपेक्षात’ का मंचन आगामी 31 अगस्त को थियेटर रुद्र के मंच पर किया जाएगा। स्थानीय नाट्यकार की रचना को भ्राम्यमाण थिएटर के मंच पर स्थान मिलने की खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
रोहा कृषि विकास केंद्र के आमंत्रण पर रोहा हायर सेकेंडरी खेल मैदान में 31 अगस्त से तीन दिवसीय नाट्य कार्यक्रम के साथ थियेटर रुद्र की शुरुआत होगी। कार्यक्रम में असमिया सिनेमा एवं भ्राम्यमाण नाट्य जगत से जुड़े कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
थियेटर रुद्र के लिए अभिनेता आकाशदीप डेका और मीनाक्षी हाजरिका द्वारा प्रस्तुत नाट्य दल के साथ सिद्धांत कलिता, शर्मिष्ठा चक्रवर्ती, पलाश प्रतिम पाठकाई, भूपेन डेका, मुहि बोरा, मौसमी लस्कर, वर्णाली पाठक और रितुराज डेका सहित कई कलाकार अभिनय करेंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में 31 अगस्त को चंदन ज्योति भुंया का ‘एजाक बरखुनर अपेक्षात’ मंचित होगा। इसके बाद 1 और 2 सितंबर को चर्चित नाट्यकार अभिजीत भट्टाचार्य के नाटक ‘मन वागिसार मजनु’ और ‘मोर प्रेयसी तोमाले’ का मंचन किया जाएगा।
चंदन ज्योति भुंया इससे पहले ‘अन्य एक भगवान’, ‘हियात एजाक धुमुहा’, ‘भाइरस’, ‘जोनाकत बरखुन’, ‘मुखाँर आँरर मुख’, ‘विक्रमजीत’ तथा ‘नाट्यरूप मनोमती’ सहित कई नाटकों की रचना कर चुके हैं।
भुंया के नाटक के भ्राम्यमाण थिएटर के मंच पर मंचित होने को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और नाट्यप्रेमियों में आगामी प्रस्तुति को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें