रोहा पूर्व खरागांव में विशेष अभिनंदन समारोह, 60 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

रोहा पूर्व खरागांव में विशेष अभिनंदन समारोह, 60 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान



सोयल खेतान, रोहा

रोहा। पूर्व खरागांव में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान में विशेष अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। पूर्व खरागांव सामूहिक मंच पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के करीब 60 मेधावी विद्यार्थियों को फुलाम गामोछा एवं मानपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

पूर्व खरागांव बरबराआटी मधुपुर रंगाली बिहू उद्यापन समिति एवं पूर्व खरागांव खेल-साधना शिल्पी समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में गुवाहाटी विश्वविद्यालय के असमिया विभाग में प्रथम श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जबामनि मेधी सहित मैट्रिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षाओं में स्टार एवं डिस्टिंक्शन प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व शिक्षक, समाजकर्मी एवं धर्मप्राण व्यक्ति किनाराम बरदलै ने की। शिक्षक, लेखक एवं समाजसेवी लखी प्रसाद डेका ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि मृण्मय बरदलै ने समारोह के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाजकर्मी समर सिंह डेका द्वारा सुधाकंठ डॉ. भूपेन हजारिका एवं हार्टथ्रुब जुबिन गर्ग के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा तनुश्री बरदलै द्वारा माटी आखड़ा (सत्रिया नृत्य) की प्रस्तुति के साथ हुआ।

समारोह में रोहा विधानसभा क्षेत्र के विधायक शशिकांत दास, रोहा उप-जिला पुलिस अधीक्षक सोनमनी सैकिया, रोहा महाविद्यालय के असमिया विभाग की प्रवक्ता डॉ. नंदिता गोस्वामी, शिक्षाविद माधव महंत, रोहा आंचलिक कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष हेमकांत सैकिया, अखिल तिवा छात्र संघ के सलाहकार प्रह्लाद कुमार मशरंग, रोहा आंचलिक आसू के संजय कुमार काकोति सहित स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी, आयोजक समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजकों ने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से उनका उत्साह बढ़ता है और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। समारोह का समापन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें