लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की संयुक्त रिपोर्ट
लखीमपुर, 5 अगस्त, 2026। सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए भगवान परशुराम युवा सेवा समिति, उत्तर लखीमपुर ने शहर में अपनी प्रथम "अमृतधारा" (निःशुल्क शीतल पेयजल सेवा केंद्र) की स्थापना की। लखीमपुर सदर थाना परिसर में स्थापित इस जनोपयोगी प्रकल्प का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया।
समिति की इस पहल का उद्देश्य थाना परिसर में प्रतिदिन आने वाले आम नागरिकों, फरियादियों, पुलिसकर्मियों, अधिवक्ताओं, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों तथा राहगीरों को वर्षभर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस अमृतधारा के दाता समाजसेवी श्री बलवान शर्मा हैं, जिन्होंने अपनी पूज्य माताश्री स्वर्गीय श्रीमती चन्द्रपति देवी की पावन स्मृति में इस सेवा प्रकल्प को समाज को समर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस प्रेरणादायी पहल की सराहना करते हुए कहा कि अपने परिजनों की स्मृति को जनसेवा से जोड़ना समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।
उद्घाटन समारोह में लखीमपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुनेंद्र डेका ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अमृतधारा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने समिति एवं दाता परिवार द्वारा किए गए इस जनहितकारी कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस के बीच सहयोग एवं सहभागिता से ही बेहतर सामाजिक वातावरण का निर्माण होता है तथा इस प्रकार के सेवा कार्य लोगों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) लावा डेका, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) धुर्बोज्योति नाथ, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रिन्सी बोरुआ, पुलिस उपाधीक्षक विशाखा देव, लखीमपुर सदर थाना के प्रभारी तुलुमोनी दुआरा, ट्रैफिक इंचार्ज बीजीत गोहाई, स्थानीय नागरिक समिति के अध्यक्ष गणेश भूयाँ, वीडीपी समिति के सदस्य उमेश शर्मा सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त लखीमपुर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजबंधु, व्यापारी, मातृशक्ति, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा भगवान परशुराम युवा सेवा समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर इस जनसेवा अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) धुर्बोज्योति नाथ, सदर थाना प्रभारी तुलुमोनी दुआरा, स्थानीय नागरिक समिति के अध्यक्ष गणेश भूयाँ तथा समाजसेवी एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रामेश्वर तापड़िया ने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की तथा कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को ऐसे लोकहितकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है और इससे प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन भगवान परशुराम युवा सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार भारद्वाज ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सेवा एवं मानव कल्याण से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों को भी निरंतर संचालित करना है। उन्होंने बताया कि समिति भविष्य में भी उत्तर लखीमपुर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार की "अमृतधारा" स्थापित करने का प्रयास करेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
समारोह के अंत में समिति की ओर से सभी अतिथियों, पुलिस प्रशासन, दाता परिवार, सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
भगवान परशुराम युवा सेवा समिति की सचिव कुमारी डिम्पी पारीक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि समिति भविष्य में भी जनहित एवं मानव सेवा को समर्पित अनेक सामाजिक प्रकल्पों को समाज के सहयोग से आगे बढ़ाती रहेगी।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें