गुवाहाटी, असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बृहत्तर मारवाड़ी समाज की धार्मिक संस्था बाबा रामदेव भक्त संगम, गुवाहाटी ने मानवीय सेवा का परिचय देते हुए राहत सामग्री से भरे ट्रक शिवसागर के लिए रवाना किए।
संस्था के सदस्यों के सहयोग से तैयार किए गए 500 राहत पैकेटों में एक गद्दा, एक तकिया, एक बेडशीट तथा एक तकिया कवर शामिल है। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित जरूरतमंदों के लिए 200 नई कमीज़ (शर्ट) भी भेजी गई हैं।
यह राहत सामग्री बाबा रामदेव भक्त संगम एवं शिवसागर मारवाड़ी समाज के संयुक्त सहयोग से आगामी 8 एवं 9 अगस्त को ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित की जाएगी।
संस्था के अध्यक्ष घेवर चंद सिपानी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों की आवश्यकताओं को देखते हुए राहत सामग्री की अगली खेप तैयार करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जिसे शीघ्र ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा। उन्होंने समाज के सभी सक्षम एवं जागरूक नागरिकों से इस मानवीय अभियान में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत की आवश्यकता अभी भी व्यापक है। ऐसे समय में केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक संवेदनशील व्यक्ति का भी नैतिक दायित्व है कि वह पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से ही आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंदों तक प्रभावी राहत एवं संबल पहुँचाया जा सकता है।
राहत सामग्री रवाना करने के अवसर पर संस्था के अध्यक्ष घेवर चंद सिपानी, संस्थापक अध्यक्ष दीपक पोद्दार, उपाध्यक्ष सुभाष केजरीवाल, सचिव रवि कुमार सुरेका, कोषाध्यक्ष संजय जैन, कार्यकारिणी सदस्य सुरेन्द्र बजाज, आशा सिपानी, संजना जैन, प्रतिमा केजरीवाल सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें