तीन दिवसीय भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का हुआ समापन
पूजा माहेश्वरी
नगांव। देश के अन्य हिस्सों के साथ नगांव जिला प्रशासन की ओर से नूरुल अमीन स्टेडियम में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण एवं भव्य समारोह के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगांव जिले के प्रभारी मंत्री तथा असम सरकार के कृषि एवं सिंचाई मंत्री पीयूष हजारिका ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
अपने संबोधन में मंत्री पीयूष हजारिका ने जिले के विकास एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नगांव जिले के 95,683 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त कर रहे हैं। योजना में नए लाभार्थियों को शामिल करने की प्रक्रिया भी जारी है।
उन्होंने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत पिछले वर्ष जिले के 5,526 किसानों से 59,091 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई। मंत्री ने बटद्रवा थाना के सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास के लिए दूसरे और तीसरे चरण में चल रहे 178 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। करीब आधे घंटे के संबोधन में उन्होंने नगांव जिले के साथ-साथ पूरे राज्य में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।
इसके बाद मंत्री ने आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा, धिंग के विधायक मेहबूब मुक्तार, जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वी.वी. राकेश रेड्डी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मार्चपास्ट के बाद स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना की ड्रोन उड़ान एवं अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा स्टेडियम परिसर राष्ट्रभक्ति के जज्बे से सराबोर हो उठा।
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रगतिशील किसानों, पशुपालकों, मत्स्यपालकों एवं सरकारी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर आयोजित क्विज, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं मार्चपास्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पेशेवर एवं गैर-पेशेवर श्रेणी की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को भी पुरस्कृत किया गया।
मुख्य समारोह से पहले मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लोकप्रिय गोपीनाथ बरदोलोई, मोतीराम बोरा, हलधर भुइयां, महेंद्र नाथ हजारिका, देवकांत बरुआ एवं पूर्णचंद्र शर्मा सहित महान विभूतियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण किया गया।
नगांव खेल संघ के मैदान में आयोजित इस समारोह में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जिला परिषद, नगांव नगरपालिका के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आम लोग उपस्थित रहे।
मुख्य समारोह के बाद छात्र-छात्राओं के बीच पारंपरिक स्थानीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शाम को जिला आयुक्त एकादश एवं जिला खेल संघ एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच भी खेला गया। वहीं प्लेटिनम मॉल के सामने जिला प्रशासन की पहल पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रकार नगांव में तीन दिनों तक चले विभिन्न रंगारंग एवं देशभक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रमों के साथ 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य समापन हुआ।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें