100 से अधिक बच्चों ने चित्रांकन प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
पूजा माहेश्वरी
नगांव। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन नगांव शाखा, मारवाड़ी युवा मंच नगांव शाखा, मारवाड़ी युवा मंच नगांव शिखर शाखा, मारवाड़ी युवा मंच नगांव समृद्धि शाखा एवं मारवाड़ी सम्मेलन नगांव महिला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में हैबरगांव के ढिंग रोड स्थित स्वर्गीय मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि नगांव के वरिष्ठ समाजसेवी देवकीनंदन बजाज ने ध्वजारोहण किया। इससे पूर्व सम्मेलन नगांव के सचिव विजय राज किल्ला ने फुलाम गामोछा पहनाकर, युवा मंच नगांव शाखा के अध्यक्ष गौतम मुंदड़ा ने तिरंगे रंग का दुपट्टा पहनाकर, शिखर शाखा के सचिव शुभम सिवोटिया ने तिरंगा प्रतीक चिह्न प्रदान कर, समृद्धि शाखा की अध्यक्ष श्वेता जयदीप अग्रवाल ने तिरंगे रंग की चुनरी पहनाकर तथा सम्मेलन महिला शाखा की उपाध्यक्ष रिंकु गिंदड़ा ने तिरंगा प्रतीक चिह्न भेंट कर मुख्य अतिथि का सम्मान किया।
सम्मेलन के उपाध्यक्ष गोपाल पोद्दार एवं महिला शाखा की सचिव विनीता खाटूवाला ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित समाजबंधुओं, महिलाओं एवं बच्चों ने तिरंगे को सलामी देते हुए सामूहिक रूप से वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का गायन किया।
इसके बाद देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मायरा अग्रवाल, रूही अग्रवाल, विनीता अग्रवाल, दिशा अग्रवाल, खुशबू एवं मीनाक्षी नागरका सहित कई बच्चों ने देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किए। वहीं श्रद्धा गुजरानी, दीपिका वर्मा एवं अनिल प्रजापत ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
चित्रांकन प्रतियोगिता में 100 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा
समारोह के दौरान बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया था। प्रथम ग्रुप में 3 से 6 वर्ष, द्वितीय ग्रुप में 7 से 9 वर्ष तथा तृतीय ग्रुप में 10 से 14 वर्ष के बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।
ग्रुप ए में कुंजन अग्रवाल ने प्रथम, कृषिका अग्रवाल ने द्वितीय, दिव्यांश पोद्दार ने तृतीय तथा कृषिका गगड़ ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
ग्रुप बी में चार्बी अग्रवाल, ख्याति पोद्दार एवं गतिक अग्रवाल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ग्रुप सी में रोशनी गिनोड़िया प्रथम, जीवेश आलमपुरिया द्वितीय तथा निष्ठा अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सम्मेलन के प्रांतीय मंडलीय उपाध्यक्ष संजय गाड़ोदिया, सम्मेलन नगांव शाखा के पूर्व अध्यक्ष पवन गाड़ोदिया, ललित कोठारी सहित विभिन्न पदाधिकारी तथा नगांव महिला शाखा एवं युवा मंच की तीनों शाखाओं के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अरुण नागरका ने किया, जबकि अंत में सम्मेलन नगांव शाखा के सचिव विजय राज किल्ला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें