पारंपरिक परिधानों, नृत्य, मनोरंजक खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गुवाहाटी, मारवाड़ी महिला एकता मंच की ओर से आठगांव स्थित होटल किरनश्री में हरियाली तीज सिंधारा का रंगारंग एवं भव्य समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। हर वर्ष की भांति इस बार भी समारोह में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की विशेषता रही विभिन्न थीम पर आधारित ड्रेस कोड। बहनें पंजाबी, राजस्थानी, असमिया, हरियाणवी, गोपी, बप्पी लाहिड़ी एवं रसखान सहित विभिन्न रूपों में सज-धजकर पहुंचीं। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों से पूरा वातावरण तीज की उमंग और उत्सव के रंग में रंग गया।
समारोह में चटपटे चुटकुले, मनोरंजक नृत्य, ड्रामा तथा विभिन्न मजेदार खेलों का आयोजन किया गया। सभी सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम का आनंद उठाया।
इस दौरान स्वादिष्ट एवं गरमागरम व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी बहनों को सिंधारा उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष सरोज मित्तल, सचिव शारदा केड़िया, संस्थापक अध्यक्ष वंदना सोमानी, संरक्षक सरला काबरा, कोषाध्यक्ष रूपा गगर तथा कार्यक्रम संयोजिकाएं पार्वती बिड़ला, सुनीता अग्रवाल एवं कोमल गुप्ता सहित समिति की सभी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
सभी बहनों की सक्रिय भागीदारी, आपसी स्नेह, हंसी-खुशी और उत्साह ने समारोह को विशेष बना दिया। हरियाली तीज की खुशियां, सखियों का साथ और सिंधारा की सौगात इस आयोजन की यादगार पहचान बनी। कार्यक्रम के अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह का सफल समापन किया गया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें