स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंहल ने तामुलपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंहल ने तामुलपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण



सेंकी अग्रवाल


तामुलपुर। 170 बीघा भूमि पर निर्माणाधीन तामुलपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का आज असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंहल ने तामुलपुर के अभिभावक मंत्री जयंत मल्लबरूआ के साथ दौरा किया। उन्होंने परिसर का निरीक्षण करने के बाद एक सभा में भी भाग लिया।


पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंहल ने कहा, "मुख्यमंत्री जी जिस आत्मनिर्भर असम, प्रगतिशील असम और सुरक्षित असम की बात करते हैं, उसका स्वरूप अब दूर-दराज के क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। यह मेडिकल कॉलेज अत्यंत सुंदर ढंग से बनाया गया है और इसकी वास्तुकला भी आकर्षक है। असम के लोगों ने कभी नहीं सोचा था कि तामुलपुर में ऐसा प्रतिष्ठान स्थापित होगा। यहां आकर ऐसा लगा कि मुख्यमंत्री जी ने अपना वचन पूरा किया है।"


उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का लगभग 10 प्रतिशत निर्माण कार्य शेष है। यह कार्य आगामी चार महीनों के भीतर पूरा हो जाएगा। इसके बाद आंतरिक विभाग में मरीजों के उपचार का कार्य शुरू किया जाएगा। एमसीआई की मंजूरी मिलने के बाद अगले वर्ष मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रारंभ होंगी।


स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दौरान अभिभावक मंत्री जयंत मल्लबरूआ के अलावा 44-गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्टर कुमार दास, बीटीसी विधानसभा के उपाध्यक्ष विजित गौरा नार्जरी, कार्यकारी सदस्य लक्ष्मी दास, भाजपा के वरिष्ठ नेता सोमनाथ बसुमतारी, तत्कालीन पार्षद हेमंत कुमार राभा, तामुलपुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य विजित कुमार दुवारा, जिला आयुक्त सिमी करण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुमन चक्रवर्ती सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, दलीय नेता-कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


यह जानकारी महकुमा सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विजय बेजबरुआ ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें