गुवाहाटी, राजस्थान की समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं से जुड़े तीज-सिंजारा पर्व का आयोजन लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी अर्पण द्वारा होटल कैफे इंस्टा में हर्षोल्लास एवं मनोरंजक माहौल में किया गया। क्लब की अध्यक्षा लीला लाहोटी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में क्लब की सदस्याएं पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सज-धजकर शामिल हुईं और उत्सव के रंग में रंग गईं।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए विशेष टीम गठित की गई, जिसमें वंदना बगदिया, साधना खेमका, निर्मला कयाल एवं रेखा झुनझुनवाला को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। क्लब की सचिव रेणु गगड़ ने सभी सदस्यों के बीच समन्वय बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब की साधारण सभा से हुई। अध्यक्षा लीला लाहोटी ने बैठक का संचालन करते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। सचिव रेणु गगड़ ने सचिवीय रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष अंजू माहेश्वरी ने वित्तीय रिपोर्ट पेश की।
इसके पश्चात वंदना बगदिया द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत की गई, जिसके साथ तीज समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। महिलाओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव को और अधिक जीवंत बना दिया। इस अवसर पर विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
क्लब की जनसंपर्क अधिकारी नीलम चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम में सभी सदस्यों को उपहार भी प्रदान किए गए। अध्यक्षा लीला लाहोटी ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी संयोजकों को अपनी ओर से उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में स्वादिष्ट व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी सदस्यों ने भरपूर आनंद लिया। तीज-सिंजारा का यह आयोजन राजस्थान की लोक परंपराओं, संस्कृति और आपसी सौहार्द का सुंदर संगम बनकर सामने आया।
यह जानकारी क्लब की जनसंपर्क अधिकारी नीलम चौधरी ने प्रेस को दी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें