शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘ब्रेन रेन’ प्रदर्शनी का आयोजन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘ब्रेन रेन’ प्रदर्शनी का आयोजन



गुवाहाटी, नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में विज्ञान, कला, खेल, साहित्य एवं संस्कृति पर आधारित भव्य प्रदर्शनी ‘ब्रेन रेन’ का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी के लिए विद्यार्थियों ने कई दिनों तक कड़ी मेहनत कर विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां और मॉडल तैयार किए। विज्ञान प्रदर्शनी में सौर मंडल, वैज्ञानिक आविष्कारों सहित विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से दर्शकों को विज्ञान के सिद्धांतों को सरल तरीके से समझाया। इसके साथ ही गणित से जुड़े रोचक खेलों का भी आयोजन किया गया।

खेल प्रदर्शनी में लुप्तप्राय पारंपरिक खेलों को प्रदर्शित कर विद्यार्थियों ने पुरानी खेल संस्कृति से लोगों को परिचित कराया। वहीं, कला प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा बनाए गए विभिन्न चित्रों और हस्तकलाओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। सांस्कृतिक खंड में देश के विभिन्न राज्यों की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। साहित्य से संबंधित प्रस्तुतियों ने भी प्रदर्शनी को विविधता प्रदान की।

प्रदर्शनी का शुभारंभ स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार अगरवाला, कोषाध्यक्ष किशन लोहिया, सह-सचिव रतन गोयनका व नवलकिशोर मोर, प्रधानाचार्या श्रीमती रीना भौमिक एवं उप-प्रधानाचार्या श्रीमती सरवरी दास की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्कूल समिति के अध्यक्ष पवन कुमार अगरवाला ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेना भी आवश्यक है।

स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती रीना भौमिक ने भी विद्यार्थियों को विज्ञान, खेल, कला एवं संस्कृति के विभिन्न क्षेत्रों में रुचि विकसित करने और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।

प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडल, कलाकृतियों और प्रस्तुतियों को देखा तथा विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। ‘ब्रेन रेन’ प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को एक मंच प्रदान किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें