गुवाहाटी, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ महिला मंडल, गुवाहाटी की ओर से मंगलवार को स्थानीय तेरापंथ धर्मस्थल में “आपके सवाल, विशेषज्ञ के जवाब” विषय पर महिला स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष सुशीला मालू के नेतृत्व में युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी के विद्वान सुशिष्य मुनि श्री आनंद कुमारजी ‘कालू’ एवं सहवर्ती मुनि श्री विकास कुमारजी के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।
कार्यशाला का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र से हुआ। मंडल की बहनों ने प्रेरणा गीत प्रस्तुत किया। अध्यक्ष सुशीला मालू ने स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. विजय नाहटा का फुलाम-गामोछा एवं स्मृति चिह्न से सम्मान किया गया।
डॉ. नाहटा ने महिलाओं को मेनोपॉज एवं कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता पर जोर दिया। महिलाओं ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनके विशेषज्ञ ने सरल एवं संतोषजनक उत्तर दिए। इस दौरान डॉ. नाहटा ने भी प्रश्नों के माध्यम से महिलाओं की स्वास्थ्य जागरूकता को परखा।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की विशेष आमंत्रित सदस्य शिखा बोथरा की गरिमामय उपस्थिति रही। तत्वज्ञान संयोजिका जया घिया ने तत्वज्ञान एवं तत्व प्रचेता के प्रमाण-पत्र वितरित किए।
मंत्री सुचित्रा छाजेड़ ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि युवती मंडल संयोजिका पूजा महनोत ने धन्यवाद ज्ञापन किया। प्रचार-प्रसार मंत्री सुनीता मालू ने बताया कि बहनों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति के साथ कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें