सोयल खेतान, रोहा
रोहा। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा सोमवार को रोहा में राज्य के लिए आपूर्ति विभाग की राज सहायता युक्त सुलभ मूल्य दाल और चीनी वितरण योजना का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर रोहा उप-जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।
इसी क्रम में राज्य के मंत्री एवं नगांव जिला के अभिभावक मंत्री पीयूष हाजरिका ने रविवार को रोहा पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विधायक शशिकांत दास के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की तथा मुख्यमंत्री के आगमन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मंत्री हाजरिका ने उस सुलभ मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया, जहां से मुख्यमंत्री योजना के तहत दाल एवं चीनी वितरण का शुभारंभ करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री पीयूष हाजरिका ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा रोहा से ही पूरे राज्य के लिए राज सहायता युक्त सुलभ मूल्य दाल एवं चीनी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम को बिना किसी आडंबर के सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा और आवश्यक सामग्री के वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मंत्री के दौरे के दौरान रोहा के विधायक शशिकांत दास, रोहा उप-जिला आयुक्त डॉ. अंकिता बोरा सहित आपूर्ति विभाग एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें