भक्तिमय वातावरण में निकली नौका शोभायात्रा, सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन
गुवाहाटी। श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति के सौजन्य से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी फैंसीबाजार स्थित गल्लापट्टी हनुमान मंदिर में हनुमान नौका महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया। मान्यता के अनुसार बाढ़ के प्रकोप से रक्षा एवं जनकल्याण की कामना के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
महोत्सव के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं की उपस्थिति में हनुमान जी का अभिषेक एवं आरती की गई। शाम 5 बजे मुख्य कार्यक्रम के तहत हनुमान नौका की नगर परिक्रमा कराई गई।
केले से निर्मित नौका का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद मशाल प्रज्वलित कर आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं ने अपने कंधों पर नौका उठाकर नगर शोभायात्रा निकाली और बाद में उसे ब्रह्मपुत्र नदी में विसर्जित किया।
प्रशासन के निर्देशानुसार शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रखी गई। इस दौरान ढोलिया पार्टी ने पारंपरिक वाद्य प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
रात्रि में श्री सालासर मित्र मंडल एवं सुंदरकांड सेवा समिति के सहयोग से संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत का आनंद लेते हुए हनुमान जी की आराधना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हनुमान जन्मोत्सव समिति 2026 के अध्यक्ष जयप्रकाश गोयनका, कार्यकारी अध्यक्ष कैलाश चौधरी, सचिव नवल किशोर मोर, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार लोहिया सहित समिति के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहयोग किया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें