बंगाईगांव: बंगाईगांव जिला पुलिस ने आम जनता को झांसा देकर अवैध रूप से धन की उगाही करने वाले दलालों और ठगों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व और दलाल आम जनता को पुलिस जांच, केस से नाम हटाने, कोर्ट-कचहरी और कानूनी प्रक्रियाओं में मदद का झांसा देकर उनसे भारी मात्रा में अवैध पैसों की वसूली कर रहे थे। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए बंगाईगांव जिला पुलिस प्रशासन ने पूरे जिले में एक विशेष अभियान चलाकर इन ठगों पर शिकंजा कसा।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री नुमल महत्ता के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 12 दलालों को पकड़ा गया है जिनमें जोगीघोपा थाना से 5 व्यक्ति, मेरेरचार थानासे 03 व्यक्ति, अभयापुरी थाना से 02 व्यक्ति, बंगाईगांव थाना से 02 व्यक्ति को पकड़ा गया है तथा माणिकपुर थाना क्षेत्र में इस अभियान के दौरान फिलहाल शून्य गिरफ्तारी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने एक प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया है कि यह अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। इस नेटवर्क में शामिल कुछ अन्य चिह्नित व्यक्ति फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और तलाश अभियान चला रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया जाएगा।
बंगाईगांव पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी मध्यस्थ, दलाल या ठग के झांसे में न आएं जो पुलिस जांच में मदद करने, केस रफा-दफा कराने या कानूनी राहत दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए नागरिक सीधे संबंधित थाने के अधिकारियों से संपर्क करें। बोंगाईगांव पुलिस पारदर्शी, निष्पक्ष, जवाबदेह और न्यायसंगत सेवा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें