असम बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए रेज पावर इंफ्रा ने दिए पांच लाख रुपये - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

असम बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए रेज पावर इंफ्रा ने दिए पांच लाख रुपये

 


गुवाहाटी: सोलर एनर्जी के क्षेत्र में कार्यरत कंपनी रेज पावर इंफ्रा ने असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मानवीय पहल करते हुए पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। कंपनी की ओर से सहायता राशि का चेक असम के मुख्यमंत्री को स्वयं भेंट किया गया।


इस अवसर पर रेज पावर इंफ्रा के संचालक पवन रिणवां (शर्मा), उनके चाचा एवं गुवाहाटी प्रवासी गोवर्धन रिणवां, मनीषा, सिद्धार्थ तथा कंपनी के नॉर्थ ईस्ट प्रोजेक्ट हेड सी. बी. शर्मा उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की तथा राहत कार्यों में सहयोग के उद्देश्य से पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।


उल्लेखनीय है कि रेज पावर इंफ्रा के संचालक पवन रिणवां (शर्मा) मूल रूप से राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के ध्यावा गांव के निवासी हैं। असम में कार्यरत रहते हुए कंपनी ने राज्य में आई प्राकृतिक आपदा के समय सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए राहत कार्यों में अपना योगदान दिया है।


मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल का स्वागत असमिया एवं राजस्थानी दोनों परंपराओं के अनुरूप किया गया। इस अवसर पर असम और राजस्थान की सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला।


बैठक के दौरान राज्य में व्यापार एवं उद्योग के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने असम में कारोबार और उद्योग के संचालन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि असम में व्यापार एवं उद्योग के विकास में आने वाली हर तरह की समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।


रेज पावर इंफ्रा की इस पहल को सामाजिक सरोकार और आपदा के समय जरूरतमंदों के साथ खड़े होने की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता करना समाज के प्रत्येक सक्षम वर्ग की जिम्मेदारी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें